मन की बात की 135वीं कड़ी: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- जनभागीदारी और जनप्रेरणा का सशक्त माध्यम है ‘मन की बात’

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात की 135वीं कड़ी सुनी। जनभागीदारी, पर्यावरण और विकसित भारत पर दिया बड़ा संदेश।
रायपुर, 28 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात‘ की 135वीं कड़ी सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है तथा विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक एपिसोड में देशभर के प्रेरणादायक प्रयासों, नवाचारों और जनभागीदारी की कहानियों को सामने लाते हैं। इससे समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए लोगों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘मन की बात’ के विभिन्न एपिसोड में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हर बूंद पानी बचाने की अपील का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज, असम की ‘हरगिला आर्मी’, नागालैंड की खेल संस्कृति, नालंदा विश्वविद्यालय और सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के प्रयासों के साथ-साथ मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट के नवाचारपूर्ण उपयोग जैसी प्रेरणादायक पहलों को देश के सामने रखा। इन उदाहरणों से समाज में सकारात्मक सोच और नवाचार को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





