
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से होली के दूसरे दिन एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के केशकाल अनुविभाग के ईरागांव थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग सहित सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार को होली के दूसरे दिन की है। बताया जा रहा है कि पीड़िता उस समय अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान पांच युवक रंग-गुलाल लगाने के बहाने उसके घर पहुंचे। इसके बाद वे युवती को जबरन कमरे में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद सदमे में आई पीड़िता ने देर शाम ईरागांव थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग और तीन नाबालिग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





