
छत्तीसगढ़ पुलिस अधिकारी पर हमला
दंतेवाड़ा / छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पदस्थ पुलिस उपाधीक्षक (DSP) तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक और युवती ने चाकू से डीएसपी पर हमला किया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। DSP तोमेश वर्मा किसी शासकीय कार्य से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय आए हुए थे। इसी दौरान दुर्ग जिले के निवासी रमाशंकर साहू और रजनिशा वर्मा उनका पीछा करते हुए दंतेवाड़ा पहुंचे और मौका मिलते ही उन पर चाकू से हमला कर दिया।
चेहरे, सिर और गले के पास गंभीर चोट
हमले में डीएसपी के चेहरे, सिर और गले के पास गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि अधिकारी की स्थिति अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
हमलावर मौके से गिरफ्तार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों युवक और युवती को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी आपसी रंजिश के चलते किया गया।
दुर्ग कोर्ट में विचाराधीन था मामला
जानकारी के मुताबिक, DSP तोमेश वर्मा और आरोपियों के बीच दुर्ग जिला न्यायालय में एक प्रकरण विचाराधीन है। आशंका जताई जा रही है कि उसी मामले से जुड़ी रंजिश के चलते यह जानलेवा हमला किया गया।
दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। हमले के पीछे की सटीक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।





