एक ही फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी के शव, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव किराए के मकान में एक ही फंदे से लटके मिले। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से पति-पत्नी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 स्थित किराए के मकान में मंगलवार सुबह पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के शव घर के अंदर फंदे पर मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले थे दंपती
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और माया बंजारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के रहने वाले थे। वे अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहे थे।
रमेश सिंह इंडस्ट्रियल क्षेत्र की एक कंपनी में काम करता था। मंगलवार सुबह हुई इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक पहुंचा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मकान से बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू वहां पहुंचे। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर वह हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल दंपती की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।





