रायपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस आर्थिक तंगी और कर्ज सहित सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी एवं कर्ज के दबाव को एक संभावित कारण के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
जानकारी के अनुसार, संजय नगर निवासी मोहम्मद जहीर के मकान में सैयद साजिद खान अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराए से रहता था। शुक्रवार को पूरे दिन कमरे का दरवाजा बंद रहने और किसी प्रकार की गतिविधि दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और अन्य जांच दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर जांच शुरू की। इसके बाद सभी पांच लोगों के शव बरामद किए गए। घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया गया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनके आधार पर आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव के एंगल से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि साजिद मौदहापारा स्थित एक बैटरी दुकान में मैकेनिक का काम करता था और उस पर कर्ज होने की जानकारी मिली है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जिसकी साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
फिलहाल टिकरापारा थाना पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।





