स्कूल परिसर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, 2 युवक गिरफ्तार, 3 महिलाओं का रेस्क्यू
नौकरी का झांसा देकर महिलाओं को लाया जाता था, पुलिस ने 3 पीड़िताओं को कराया रेस्क्यू

Sex Racket Busted
देहरादून | उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त कार्रवाई में स्कूल परिसर के पीछे संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को रेस्क्यू भी किया है।

गोपनीय सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को गोपनीय माध्यम से सूचना मिली थी कि कैंट क्षेत्र में कुछ लोग अनैतिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किशन नगर एक्सटेंशन इलाके में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान एक स्कूल परिसर के पीछे स्थित हिस्से में कुछ लोग आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की और कथित रूप से देह व्यापार संचालित करने वाले मुख्य आरोपी समेत कुल 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर बुलाने का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बाहरी राज्यों से महिलाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर देहरादून बुलाते थे। बाद में उनकी आर्थिक मजबूरियों का फायदा उठाकर उन्हें देह व्यापार में धकेलने का आरोप है।
रेस्क्यू की गई महिलाओं के बारे में बताया गया है कि वे मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली की रहने वाली हैं।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से एक पहले भी अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और अन्य संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।
मौके से बरामद एक कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इलाके में मचा हड़कंप
स्कूल परिसर के पीछे कथित तौर पर इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





