जांजगीर-चांपा में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई, 28 मामलों पर हुई सुनवाई

जांजगीर-चांपा में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने 28 मामलों की जनसुनवाई की। कई प्रकरणों में अहम निर्देश जारी किए गए।
जांजगीर-चांपा, 07 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं सदस्य सरला कोसरिया ने मंगलवार को जिला पंचायत जांजगीर के सभाकक्ष में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। आयोग की अध्यक्षता में प्रदेश स्तर की 410वीं तथा जांजगीर-चांपा जिले की 12वीं जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें कुल 28 प्रकरणों की सुनवाई की गई।
जनसुनवाई के दौरान एक पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले में दोनों पक्षों के बीच पूर्व में समझौता होने की जानकारी दी गई। आयोग ने दंपति को भविष्य में विवाद से बचने और आपसी सामंजस्य बनाए रखने की समझाइश दी। साथ ही सखी प्रशासिका को दोनों पक्षों की महीने में एक बार काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए।
एक अन्य मामले में आयोग कार्यालय के कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने वाले पक्ष ने आयोग के समक्ष माफी मांगी। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आयोग ने समझाइश देकर प्रकरण का निराकरण कर दिया।
डीएनए जांच से जुड़े एक मामले में आयोग ने पाया कि पूर्व आदेश के बावजूद संबंधित अनावेदक ने डीएनए परीक्षण और अंतरिम भरण-पोषण राशि का पालन नहीं किया। इस पर आयोग ने सखी प्रशासिका को आवेदिका, अनावेदक और बच्चे का दो माह के भीतर डीएनए परीक्षण कराकर रिपोर्ट आयोग को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जांच का पूरा खर्च संबंधित अनावेदक द्वारा वहन किया जाएगा।
एक अन्य प्रकरण में आयोग ने पाया कि दोनों पक्षों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में लंबित है। इस तथ्य को देखते हुए आयोग ने मामले की सुनवाई संभव नहीं मानते हुए प्रकरण को नस्तीबद्ध कर दिया।
महिला चिकित्सकों की शिकायत से जुड़े मामले में आयोग ने संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ प्राप्त शिकायत की जांच के लिए आंतरिक शिकायत समिति (ICC) से जांच कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
महिला आयोग ने सभी पक्षों को कानून का पालन करने, महिलाओं के अधिकारों का सम्मान करने और विवादों का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की सलाह दी।





