News

महिला सेना पुलिस भर्ती रैली 23 फरवरी को, छत्तीसगढ़ की 33 जिलों की चयनित युवतियाँ होंगी शामिल

देश सेवा का सुनहरा अवसर: योग्य महिला उम्मीदवार सेना भर्ती रैली में भाग लेकर बनाएं कैरियर

रायपुर / भारतीय सेना में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सेना भर्ती कार्यालय, जबलपुर द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली 23 फरवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड, झिंझरी, कटनी (म.प्र.) में होगी। इसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की चयनित महिला उम्मीदवार शामिल होंगी।

कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में सफल उम्मीदवारों को मिलेगा मौका

महिला सेना पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत भारतीय सेना ने 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया था। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवार भर्ती रैली में शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और अन्य चयन प्रक्रियाओं में भाग लेंगी।

चिकित्सकीय जांच 24 फरवरी को

भर्ती रैली में सफल उम्मीदवारों की चिकित्सकीय जांच 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल, जबलपुर में होगी। चिकित्सकीय रूप से पूर्णतः स्वस्थ पाए जाने पर ही अंतिम चयन सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज

रैली में भाग लेने वाली सभी योग्य उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रवेश पत्र उम्मीदवारों के पंजीकृत ई-मेल पर भी भेजे गए हैं।

उम्मीदवारों को रैली स्थल पर एडमिट कार्ड, सभी मूल शैक्षणिक व पहचान दस्तावेज और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।

प्रदेश की बेटियों के लिए सुनहरा अवसर

यह महिला सेना पुलिस भर्ती रैली छत्तीसगढ़ की युवतियों को अनुशासन, सम्मान और देश सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है। बड़ी संख्या में चयनित उम्मीदवारों की भागीदारी से यह आयोजन राज्य स्तर पर विशेष महत्व रखता है।

Related Articles

Back to top button