छत्तीसगढ़

रायगढ़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 4 युवतियां समेत 6 हिरासत में

रायगढ़ के टीवी टावर क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 4 युवतियों और 2 युवकों को हिरासत में लिया। संदिग्ध देह व्यापार मामले में जांच जारी, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा।

रायगढ़। रायगढ़ शहर के टीवी टावर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने एक मकान पर छापेमार कार्रवाई करते हुए चार युवतियों और दो युवकों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के रहवासियों द्वारा लंबे समय से संबंधित मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत पुलिस को दी जा रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने संबंधित स्थान पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार युवतियों और दो युवकों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में मामला अनैतिक गतिविधियों से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।

फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत व्यक्त की है और पुलिस की पहल की सराहना की है।

Related Articles

Back to top button