छत्तीसगढ़

Janjgir Champa: चावल व्यापार के नाम पर 1.70 लाख की ठगी करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

फोनपे के जरिए रकम लेकर मोबाइल बंद कर देता था शातिर, साइबर टीम की मदद से पकड़ाया

जांजगीर-चांपा, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चावल खरीदी-बिक्री के नाम पर 1.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई में बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से मोबाइल के माध्यम से व्यापार का झांसा देकर लोगों को ठग रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश शर्मा, निवासी जिला अररिया (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंक खाता और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

मामले में प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल (प्रोपराइटर सुलोचना फूड, जांजगीर) ने 12 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, चावल ब्रोकर के जरिए आरोपी से संपर्क हुआ था।

आरोपी ने 900 क्विंटल चावल 2980 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बेचने का सौदा किया। इसके बाद ट्रक भाड़ा और अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग किश्तों में फोनपे और बैंक खाते के जरिए कुल 1,70,000 रुपये ले लिए।

रकम लेने के बाद आरोपी ने फर्जी बिल भेजा, लेकिन चावल की सप्लाई नहीं की और मोबाइल बंद कर फरार हो गया।

साइबर ट्रैकिंग से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर कार्रवाई तेज की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी का लोकेशन बिहार के अररिया जिले में मिला। इसके बाद सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम बिहार रवाना हुई और मालद्वार (अररिया) से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चावल ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


इन पुलिसकर्मियों का रहा योगदान

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, एएसआई मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना के निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा और आरक्षक माखन साहू की अहम भूमिका रही।

आम जनता से अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के व्यापारिक सौदे में जल्दबाजी न करें और बिना सत्यापन के ऑनलाइन लेन-देन से बचें। संदिग्ध मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button