Janjgir Champa Double Murder: घर में घुसकर पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, गांव में सनसनी
मुलमूला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में वारदात, होली का मुखौटा पहनकर आए थे बदमाश; गांव में दहशत

Crime News
जांजगीर-चांपा/ छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुलमूला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में बीती रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे पति-पत्नी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमलावर होली का मुखौटा पहनकर लूट की नीयत से घर में घुसे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घर के बाहर जमा हो गई।
मौके पर दंपति की लहूलुहान लाश पड़ी मिली है, वहीं घर के अंदर कुर्सी पर होली का मुखौटा भी बरामद हुआ है, जिससे पुलिस लूट और साजिश के एंगल से जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।





