छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA NEWS: जमीन खरीदी-बिक्री और शेयर मार्केट में रकम डबल करने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

करोड़ो की ठगी

जांजगीर-चांपा / जमीन खरीदी-बिक्री और शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक फरार आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस की साइबर टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तरा कुमार साहू पिता स्व. ईश्वर प्रसाद साहू (उम्र 52 वर्ष), निवासी बिलारी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।

ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेश कुमार साहू, निवासी बिलारी वार्ड क्रमांक 12 ने 14 नवंबर 2025 को थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्ष 2023 में भूपेंद्र साहू ने जमीन खरीदी-बिक्री और उसके बेटे द्वारा शेयर मार्केट में निवेश से अधिक मुनाफे का झांसा दिया। 25 माह में ढाई गुना राशि लौटाने का लालच देकर प्रार्थी से 30 नवंबर 2023 से 25 अगस्त 2024 के बीच कुल 1 करोड़ 88 लाख रुपये जमा कराए गए, जिसे छलपूर्वक हड़प लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के नेतृत्व में पहले ही आरोपी भूपेंद्र कुमार साहू, हिरेंद्र कुमार साहू और सुरेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

साइबर टीम की घेराबंदी में पकड़ा गया फरार आरोपी

प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी उत्तरा कुमार साहू के संबंध में मुखबिर से सूचना मिलने पर निरीक्षक सागर पाठक (सायबर सेल प्रभारी) एवं प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे 07 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Related Articles

Back to top button