News

NGO की आड़ में गंदा खेल: महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ और धर्मांतरण के आरोप में संचालक गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई, अन्य महिला कर्मचारियों ने भी लगाए गंभीर आरोप

हैरान करने वाला मामला

नागपुर / महाराष्ट्र के नागपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) के निदेशक को महिला कर्मचारियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और धर्मांतरण दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 48 वर्षीय रियाज फाजिल काजी के रूप में हुई है, जो झिंगाबाई टाकली क्षेत्र में ‘यूनिवर्सल मल्टीपर्पस सोसाइटी’ नाम से एक NGO संचालित करता है। बताया जा रहा है कि इस संस्था में कई युवतियां कार्यरत हैं।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता 23 वर्षीय महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके जन्मदिन के मौके पर उसे अपने केबिन में बुलाया और वहां उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने के बावजूद आरोपी ने कई बार उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।

बदनाम करने का भी आरोप

महिला ने यह भी दावा किया कि आरोपी ने उसके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर उसे बदनाम करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, पीड़िता ने अपनी छोटी बहन पर एक विशेष धर्म अपनाने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है।

अन्य कर्मचारियों ने भी जताई आपत्ति

मामले में अन्य महिला कर्मचारियों ने भी आरोपी के व्यवहार को लेकर असंतोष जताया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

पुलिस कार्रवाई

मानकापुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे 23 अप्रैल तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button