छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में दिनदहाड़े गोलीकांड: किराना दुकान के बाहर युवक को मारी गोली, आरोपी हिरासत में

विकासनगर में दो पक्षों के विवाद के दौरान चली गोली, घायल को बिलासपुर रेफर; पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया

जांजगीर-चांपा / जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचा और वहां कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे।

दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज कश्यप के पैर की जांघ में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद घायल को तुरंत सीएचसी पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और इलाके में हालात सामान्य हैं।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार बताया जा रहा है। मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के साथ उसके सहयोगी भाई को भी हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button