छत्तीसगढ़

CHHATTISGARH NEWS : चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम

रायपुर / पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यव्यापी प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बस्तर से सरगुजा तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया है। प्रदेश भर में आर्थिक नाकेबंदी की जा रही है. कांग्रेस का चक्का जाम प्रदर्शन 2 घंटे तक चलेगा।

कांग्रेस ने चैतन्य की गिरफ्तारी को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ बताते हुए कहा कि यह केंद्र सरकार की सोची समझी साजिश है। जिसके खिलाफ जनता को सड़क पर उतर कर आवाज उठानी होगी।

राजधानी की तो अलग-अलग जगहों पर आर्थिक नाकेबंदी के लिए कांग्रेस ने पहले से ही नेताओं को जिम्मेदारी दे रखी है। मैग्नेटो मॉल के पास हाइवे पर जहां शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में मालवाहकों को रोका जा रहा है , तो वहीं विधानसभा रोड सकरी में नारायण कुर्रे व पप्पू बंजारे के नेतृत्व में, दिलबाग ढाबा के पास, साकरा में सांसद छाया वर्मा व अनीता योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

वहीं बिलासपुर में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता पेंड्रीडीह के पास बिलासपुर – रायपुर मार्ग (NH130) पर प्रदर्शन कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायक अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

वहीं जांजगीर-चांपा में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता तरौद चौक राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर प्रदर्शन कर रहे है. जांजगीर विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंस, कार्यकारी जिलाध्यक्ष रमेश पैगवार, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों और संगठन इकाइयों के पदाधिकारी मौजूद है।

चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी
18 जुलाई को पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी होने के बाद कांग्रेस ने 19 जुलाई को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ED और केंद्रीय जांच एजेंसीयों के दुरुपयोग के विरोध में प्रदेश भर में चक्का जाम करने का ऐलान किया था। इस प्रदर्शन के लिए कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने अलग-अलग हाईवे पर चक्का जाम करने के लिए प्रभारी भी नियुक्त कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button