Janjgir Champa Double Murder Case: 48 घंटे में पुलिस का खुलासा, चोरी के इरादे से घुसे आरोपियों ने की थी बुजुर्ग दंपति की हत्या

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ग्राम खपरी में हुए बुजुर्ग दंपति के डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। चोरी के इरादे से घर में घुसे आरोपियों ने जाग जाने पर दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांजगीर-चांपा / जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में 1 अप्रैल 2026 को हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

मृतक संतराम साहू (70 वर्ष) और उनकी पत्नी श्यामबाई साहू (65 वर्ष) अपने घर में अकेले रहते थे। 1 अप्रैल की सुबह उनका शव खून से लथपथ हालत में घर के अंदर मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ऐसे सुलझी गुत्थी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर टीम, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही गजेन्द्र दिनकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध करना कबूल कर लिया।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले से जानते थे कि बुजुर्ग दंपति घर में अकेले रहते हैं और उनके पास पैसा व जेवर हैं। आरोपी नकली बाल, मास्क और टोपी पहनकर छत के रास्ते घर में घुसे.संतराम साहू के जागने पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी. श्यामबाई साहू के जागने पर उनके गले और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद सोने का हार और चांदी के पायल लेकर फरार हो गए
आरोपियों की भूमिका
- सुरेन्द्र यादव – मुख्य साजिशकर्ता
- गजेन्द्र पाल दिनकर – हत्या और लूट में शामिल
- श्यामरतन दिनकर – रेकी और जेवर छिपाने में मदद
- विजेन्द्र पाल दिनकर – आरोपी को फरार कराने में सहयोग
पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त
- हत्या में इस्तेमाल 2 चाकू
- सोने का हार
- चांदी की पायल
- मोटरसाइकिल (CG 11 AW 0357)
पुलिस की बड़ी सफलता
जांजगीर पुलिस ने महज 48 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में साइबर थाना और मुलमुला पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल मामले का खुलासा हुआ बल्कि आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। यह केस पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच का एक बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।





