
जांजगीर-चांपा। सिटी कोतवाली पुलिस ने पुलिस कार्यालय में जहर सेवन कर शासकीय कार्य में बाधा डालने और दबाव बनाने के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू (उम्र 23 वर्ष), निवासी मड़वा, जिला जांजगीर-चांपा द्वारा पूर्व में भी झूठी शिकायतें दर्ज कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस जांच में उसकी शिकायतें अप्रमाणित पाई गई थीं।
घटना का विवरण
दिनांक 23 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे आरोपी पुलिस कार्यालय पहुंचा और जबरन पुलिस अधीक्षक कक्ष में घुसने का प्रयास करने लगा। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस स्टाफ ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने धक्का-मुक्की कर अंदर घुसने की कोशिश की।
संदेह होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास कीटनाशक दवा का खुला पैकेट मिला। पूछताछ में आरोपी ने जहर सेवन करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और उसे जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया।
शासकीय कार्य में बाधा और आत्महत्या प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अपनी शिकायतों पर कार्रवाई का दबाव बनाने के लिए यह कदम उठाया गया। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 304/26 दर्ज कर धारा 221, 232, 226 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तारी और कार्रवाई
पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।





