Janjgir Champa: मंदिर में बजरंगबली की मूर्ति खंडित करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा | 21 अप्रैल 2026: जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में मंदिर में स्थापित बजरंग बली की मूर्ति को खंडित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल था, जिसे देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को ग्राम मुड़पार स्थित एक खेत में बने छोटे मंदिर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस घटना से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान विजय बंजारे उर्फ भोंदू (33 वर्ष), निवासी मुड़पार, पर संदेह हुआ।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक तनाव में था और गुस्से में आकर उसने डंडे से मूर्ति को खंडित कर दिया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने एक अन्य स्थान पर स्थित शिव मंदिर में त्रिशूल तोड़ने का प्रयास किया था, जिसमें उसके हाथ में चोट आई थी।
पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





