छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नगरीय निकायों की ली समीक्षा बैठक, पीएम आवास, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 12 मार्च 2026। जिले में शहरी विकास कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न शहरी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने शहरों में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नगर निकायों का प्रभावी संचालन ही नागरिकों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने का आधार है।

पीएम आवास योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी

बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कई स्थानों पर निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए लंबित आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को नियमित करने के निर्देश

कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरों से एकत्रित कचरे को सेग्रीगेशन सेंटर तक ले जाकर गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण किया जाए। साथ ही स्वच्छता दीदियों के माध्यम से वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

सॉलिड और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट पर जोर

कलेक्टर ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट को व्यवस्थित रूप से लागू करने, नालियों की नियमित सफाई और कचरे के वैज्ञानिक निपटान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।

भवन अनुज्ञा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करें

बैठक में कलेक्टर ने भवन अनुज्ञा से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।

पीएम स्वनिधि योजना में ऋण वितरण तेज करने के निर्देश

कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही शहरों में आवारा कुत्तों के टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि जनस्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

संपत्तिकर वसूली अभियान तेज करने के निर्देश

कलेक्टर ने नगरीय निकायों को संपत्तिकर वसूली अभियान तेज करने और अधिक से अधिक कर संग्रह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी, जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, निर्माण शाखा के सब इंजीनियर और अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button