छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में दो आदतन बदमाश 1 साल के लिए जिला बदर

जांजगीर-चांपा | 12 मई 2026: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस ने अपराध और गुंडागर्दी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आदतन बदमाशों को एक-एक वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, लड़ाई-झगड़ा और बलवा जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों की लगातार आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल बन रहा था। आम लोग इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी डरते थे।

इन बदमाशों पर हुई जिला बदर की कार्रवाई

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिला बदर किए गए आरोपियों के नाम—

  1. आकाश सिंह, निवासी भैंसो, थाना पामगढ़
  2. फैजल खान, निवासी बरपाली चौक, चांपा थाना क्षेत्र

बताया गया कि दोनों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में कई आपराधिक प्रकरण और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज है।

5 जिलों से किया गया बाहर

पुलिस अधीक्षक द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 और 5 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को— जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा बलौदाबाजार जिलों की सीमा से 1 वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया है।

लोगों में था डर का माहौल

पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों की आक्रामक और दुस्साहसी गतिविधियों के कारण लोग भयभीत रहते थे। इनके खिलाफ लगातार मारपीट, धमकी और शांति भंग करने की शिकायतें मिल रही थीं। कई मामलों में लोग डर के कारण खुलकर शिकायत करने से भी कतराते थे।

अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम

जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला बदर की यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button