Viksit Bharat ‘Ji Ram Ji’ Yuva Digital Abhiyan: वीडियो चैलेंज, क्विज और Logo Design प्रतियोगिता शुरू, 50 हजार रुपये तक इनाम
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकते हैं हिस्सा, 20 मार्च 2026 तक माय भारत पोर्टल पर कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

युवाओं के लिए बड़ा मौका..
जांजगीर-चांपा, 16 मार्च 2026। ग्रामीण विकास और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा देशभर में “विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान” शुरू किया गया है। यह अभियान माय भारत पोर्टल के सहयोग से चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर ग्रामीण विकास से जुड़ सकेंगे।
इस अभियान के तहत वीडियो चैलेंज, क्विज प्रतियोगिता और लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
जिला प्रशासन ने दिए प्रचार-प्रसार के निर्देश
जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया गया है कि इस अभियान का जनपद और ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें भाग ले सकें।
‘My Village Challenge’ के तहत वीडियो/रील प्रतियोगिता
अभियान के अंतर्गत “माय विलेज चैलेंज” नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो या रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी 30 से 60 सेकंड का वीडियो बनाकर माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।
वीडियो प्रतियोगिता के मुख्य नियम:
- वीडियो की अवधि: 30 से 60 सेकंड
- अधिकतम साइज: 25 एमबी
- भाषा: कोई भी भारतीय भाषा
- आयु सीमा: 15 से 29 वर्ष
चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
विकसित भारत अभियान पर क्विज प्रतियोगिता
अभियान के तहत माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत जी राम जी अधिनियम से संबंधित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समय में 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा।
Logo Design प्रतियोगिता में मिलेगा 50,000 रुपये का पुरस्कार
इसके अलावा MyGov पोर्टल पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट 2025 के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य ऐसा लोगो तैयार करना है, जो समावेशी विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण प्रगति के संदेश को प्रभावी तरीके से प्रदर्शित कर सके।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से देशभर के नागरिकों को रचनात्मक और नवाचारपूर्ण डिजाइन प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को आधिकारिक लोगो के रूप में अपनाया जाएगा और भविष्य में विभिन्न प्रचार-प्रसार गतिविधियों में उपयोग किया जाएगा।
सबसे बेहतरीन लोगो डिजाइन करने वाले विजेता को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 50,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक युवा My Bharat Portal और MyGov Portal पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 है।





