“जो कहा, वह किया, और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया” – केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा

छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जांजगीर-चांपा में जनादेश परब का भव्य आयोजन
जांजगीर-चांपा / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जांजगीर-चांपा जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में भव्य जनादेश परब का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम और राज्यगीत के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनविश्वास, सुशासन और विकास के संकल्प को दोहराया गया।

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि “जो कहा, वह किया – और जो नहीं कहा था, वह भी करके दिखाया।” उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल को जनकल्याण और सुशासन का सशक्त उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के हित में संवेदनशील और परिणामकारी निर्णय लिए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिला है।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने बताया कि सरकार बनने के पहले ही महीने में किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। वहीं, बीते दो वर्षों में किसानों को 1.25 लाख करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण किया गया, जो अन्नदाताओं के सम्मान का प्रमाण है। भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई, जिससे उनकी सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई।
युवाओं के लिए सरकार द्वारा पारदर्शी भर्ती प्रणाली, 32 हजार पदों पर भर्ती, लोक सेवा आयोग में पारदर्शिता, नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना तथा आईटीआई के आधुनिकीकरण जैसे कदम उठाए गए हैं, जिन्हें उन्होंने “भविष्य-निर्माण की मजबूत नींव” बताया। महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु महतारी वंदन योजना, महतारी सदन, पीएम जनमन योजना के तहत लाखों परिवारों को लाभ तथा धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से आदिवासी समाज को सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 22 गुना बढ़ा है। प्रदेश में 32 अमृत स्टेशन वर्ल्ड-क्लास मानकों पर विकसित किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और पीएम-किसान जैसी योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, चरण पादुका योजना सहित अनेक योजनाओं से प्रदेश में विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की कमर तोड़ने की दिशा में ठोस प्रगति हुई है और सुरक्षा, पुनर्वास व विकास—तीनों मोर्चों पर समन्वित रणनीति से शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विजन डॉक्यूमेंट 2047 के माध्यम से छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राज्य बनाने का रोडमैप तय किया गया है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जांजगीर-चांपा में जनादेश परब का आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को छत्तीसगढ़ में एक-एक कर पूरा किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और विकास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सरकार ने लोकतंत्र, जनविश्वास और सुशासन को मजबूत किया है। विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से छत्तीसगढ़ विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।
जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जनता को बधाई देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट-कार्ड एवं “सेवा के 2 साल” पुस्तक का विमोचन किया। जांजगीर-चांपा की विशिष्ट पहचान को रेखांकित करते हुए अतिथियों का कोसा और कांसा भेंटकर पारंपरिक स्वागत किया गया। दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया।
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, शिक्षा, महिला-बाल विकास, जल संसाधन, ऊर्जा और सहकारिता विभागों के स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री साय ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जाना। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्रीगण, सांसद-विधायक, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे





