मध्यप्रदेश

रिटायर्ड DSP के साथ पत्नी और बेटों ने की मारपीट, रस्सी से बांधकर घसीटा

पैसों के लिए दुश्मन बना परिवार

शिवपुरी / मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र के चंदवानी गांव में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने का मामला सामने आया है। जहां पैसों के लिए रिटायर्ड DSP के साथ पत्नी और बच्चों के द्वारा अमानवीय तरीके से मारपीट की गई। रिटायर्ड डीएसपी को उनके ही परिवार ने मारपीट कर रस्सी से बांध दिया और घसीटा। ग्रामीणों द्वारा इस वीडियो को रिकॉर्ड किया गया है। यह  वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, रिटायर्ड DSP प्रतिपाल सिंह यादव को उनकी पत्नी और बेटों ने रस्सी से बांधकर पीटा। एक बेटा उनकी छाती पर बैठ गया, उनके हाथ बांध दिए और उनके दूसरे बेटे ने पैर बांधे। वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि, वे उन्हें जबरन अपने साथ ले जाना चाहते थे। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद DSP को बंधन मुक्त कराया गया। यह विवाद रिटायरमेंट पर मिलने वाली लाखों की रकम को लेकर हुआ। प्रतिपाल सिंह 15 साल से अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रह रहे थे।

62 वर्षीय प्रतिपाल सिंह यादव इसी साल 31 मार्च को श्योपुर जिले के महिला सेल से डीएसपी पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे पिछले 15 सालों से पत्नी और बेटों से अलग रह रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी झांसी में दोनों बेटों के साथ रहती है और बेटी गोरखपुर में MBBS की पढ़ाई कर रही है।

20 अगस्त को पत्नी माया यादव दोनों बेटों आकाश और आभास के साथ गांव आई थी। उन्होंने रिटायरमेंट के पैसों की मांग की, लेकिन जब प्रतिपाल सिंह ने इस पर सवाल उठाया तो तीनों ने जबरन उन्हें झांसी ले जाने की कोशिश की। इस दौरान बेटों ने उनके पैर पकड़ लिए, जबकि पत्नी ने मोबाइल और एटीएम कार्ड छीन लिया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे, तब आरोपी मौके से फरार हो गए।

प्रतिपाल सिंह ने बताया कि उन्हें ईपीएफ से 20 लाख रुपए मिल चुके हैं, जबकि करीब 33 लाख रुपए ग्रेच्युटी और अन्य मदों से मिलना बाकी है। उनका कहना है कि वे बेटों का भविष्य खराब नहीं करना चाहते, इसलिए FIR दर्ज नहीं कराई। उन्होंने पहले ही बड़े बेटे को 5 लाख और छोटे बेटे को 5 लाख रुपए देने का वादा किया था, साथ ही बेटी की शादी के लिए पैसे बचाने की योजना भी बनाई थी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button