Politics

शक्कर के बढ़ते दाम पर कांग्रेस का हमला, नागेंद्र गुप्ता ने केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

जांजगीर-चांपा में कांग्रेस प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और महंगाई पर नियंत्रण की मांग की।

जांजगीर-चांपा। शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोगों के घरेलू बजट पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।

नागेंद्र गुप्ता ने कहा कि शक्कर की कीमत में बढ़ोतरी का सीधा असर त्योहारी सीजन में आम परिवारों पर पड़ रहा है। उनके अनुसार, पहले करीब 40 रुपये प्रति किलो मिलने वाली शक्कर की कीमत अब 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इससे मिठाइयों के दाम भी प्रभावित हो रहे हैं।

एथेनॉल नीति को लेकर भी उठाए सवाल

कांग्रेस प्रवक्ता ने शक्कर उत्पादन और गन्ने के एथेनॉल उत्पादन में उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गन्ने का उपयोग एथेनॉल बनाने में बढ़ने से शक्कर उत्पादन प्रभावित होने और इसके चलते कीमतों में बढ़ोतरी की स्थिति बनने का दावा किया।

उन्होंने ई-20 पेट्रोल को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इससे वाहनों के माइलेज और इंजन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की शिकायतें सामने आती हैं।

महंगाई पर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग

नागेंद्र गुप्ता ने कहा कि पेट्रोल, गैस, चीनी और प्याज जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से आम नागरिक परेशान हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई का लाभ बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को मिल रहा है, जबकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार को आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण की नीति बनानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button