छत्तीसगढ़

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, जांजगीर-चांपा के 1.20 लाख किसानों को मिले 24.15 करोड़ रुपये

जांजगीर-चांपा, 20 जून 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त शनिवार को जारी कर दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से देशभर के किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की।

जांजगीर-चांपा जिले में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान किसानों ने योजना के लाइव प्रसारण को देखा। कृषि विभाग के अनुसार जिले के 1,20,719 किसानों के बैंक खातों में कुल 24.15 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी गई है।

देश के 9.44 करोड़ किसानों को मिला लाभ

कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के तहत 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की।

किसानों को दी गई खरीफ फसलों की जानकारी

कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक राकेश कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए किसानों को खरीफ सीजन में धान के साथ-साथ दलहन और तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने किसानों से मिट्टी परीक्षण करवाने और वैज्ञानिक खेती अपनाने का आग्रह भी किया।

प्राकृतिक खेती पर दिया गया जोर

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के.डी. महंत ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने जीवामृत और बीजामृत तैयार करने की विधि तथा इनके उपयोग से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया।

विकासखंड और ग्राम स्तर पर भी हुआ लाइव प्रसारण

जिले के सभी विकासखंडों में किसानों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। वहीं ग्राम स्तर पर भी किसानों को कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिससे बड़ी संख्या में कृषक इस कार्यक्रम से जुड़े।

Related Articles

Back to top button