BILASPUR : रेलवे कर्मी की पत्नी ने फेसबुक LIVE आकर लगाई फांसी, छेड़छाड़ और गुंडागर्दी से थी परेशान

Chhattisgarh
बिलासपुर / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रेलवे कर्मी की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले प्रियंका सिंह ने फेसबुक (Facebook) पर लाइव (Live) आकर कुछ लोगों पर छेड़छाड़ और गुंडागर्दी के गंभीर आरोप लगाए। फेसबुक पोस्ट को देखने के बाद किसी ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां प्रियंका सिंह, जो मैग्नेटो मॉल के पास सांई दरबार के पास की गली में रहती थी, अपने घर में फांसी लगा ली। यह घटना आज सुबह लगभग 12 बजे हुई, जब प्रियंका ने फेसबुक लाइव के माध्यम से खुदकुशी का ऐलान किया और कुछ लोगों पर छेड़छाड़ और गुंडागर्दी के आरोप लगाए।
सूचना मिलने के बाद जब पुलिस प्रियंका के घर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस दरवाजा खोलने की कोशिश कर ही रही थी कि उसी समय महिला का पति, जो रेलवे में काम करता है, ड्यूटी से घर लौटा। दूसरी चाबी से दरवाजा खोलने के बाद पत्नी का शव फंदे पर लटका मिला। घर के अंदर उनकी 20 साल की बेटी भी मौजूद थी, लेकिन उसने पुलिस के दरवाजा खटखटाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी, जिससे पुलिस को लगा कि प्रियंका घर में अकेली है। महिला को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रियंका सिंह ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर लाइव आकर कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरी मौत के लिए पप्पू यादव, नागू राव, डॉक्टर अजीत मिश्रा, एडवोकेट दीप्ति शुक्ला, अनिल शुक्ला, विवेक अग्रवाल उर्फ विक्की अग्रवाल और इनके परिवार वाले जिम्मेदार हैं। ये लोग पिछले चार सालों से मुझे प्रताड़ित कर रहे थे।” प्रियंका ने लिखा है, कि पप्पू यादव और अन्य लोग उसे लगातार परेशान कर रहे थे, अश्लील इशारे करते थे और उसके घर पर पत्थर फेंकते थे। पिछले 26 फरवरी को इन लोगों ने उन्हें और उनकी बेटियों को जलाने की भी कोशिश की थी।
पुलिस ने प्रियंका सिंह के आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पोस्ट में जिन लोगों का नाम लिया गया है, उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला को किस हद तक प्रताड़ित किया गया और क्या यह आत्महत्या इन्हीं वजहों से हुई है। फिलहाल, इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं।