मनोरंजन

हनुमान चालीसा ने रचा इतिहास: You Tube पर 5 अरब व्यूज पार करने वाला पहला भारतीय वीडियो बना

दुनियाभर में गूंजा हनुमान चालीसा

नई दिल्ली | निर्माताओं द्वारा जारी ताज़ा यूट्यूब डेटा में बड़ा खुलासा हुआ है। करीब 14 साल पहले अपलोड की गई ‘श्री हनुमान चालीसा’ ने यूट्यूब पर 5 अरब (5 बिलियन) व्यूज का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही यह वीडियो दुनिया भर में 5 अरब व्यूज पाने वाला पहला भारतीय वीडियो बन गया है।

हनुमान चालीसा करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है। यह भजन सिर्फ एक धार्मिक रचना नहीं, बल्कि हर हिंदू के दिल में विशेष स्थान रखता है। यूट्यूब पर इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भक्ति और श्रद्धा की शक्ति समय और तकनीक से कहीं आगे है।

5 बिलियन व्यूज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

यूट्यूब के व्यूअरशिप डेटा के अनुसार, ‘श्री हनुमान चालीसा’ को अब तक 5,006,713,956 से अधिक बार देखा जा चुका है। यह वीडियो 10 मई 2011 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था।
इस भजन में हरिहरन की मधुर आवाज और ललित सेन का संगीत है, जबकि इसमें दिवंगत गुलशन कुमार स्वयं नजर आते हैं। यह वीडियो न सिर्फ भारत, बल्कि दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले वीडियो में शामिल हो चुका है।

भूषण कुमार ने जताया आभार

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टी-सीरीज़ के एमडी भूषण कुमार ने दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा करोड़ों लोगों के दिलों में बसती है। उन्होंने अपने पिता गुलशन कुमार को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आध्यात्मिक संगीत को हर घर तक पहुंचाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था और आज यह उपलब्धि उसी सोच का प्रमाण है।
भूषण कुमार के अनुसार, यह सिर्फ डिजिटल सफलता नहीं, बल्कि भारतीयों की अटूट भक्ति का प्रतीक है।

भारतीय वीडियो में सबसे आगे

अब तक कोई भी भारतीय वीडियो ‘हनुमान चालीसा’ के व्यूज के आसपास भी नहीं पहुंच पाया है। इसके बाद सबसे ज्यादा देखा जाने वाला भारतीय वीडियो पंजाबी गाना लहंगा’ है, जिसे लगभग 1.8 बिलियन व्यूज मिले हैं। वहीं ‘52 गज का दामन’ और तमिल गीत ‘राउडी बेबी’ को करीब 1.7 बिलियन व्यूज मिले हैं। इसके अलावा जरूरी था, वास्ते, लौंग लाची, लुट गए, दिलबर और बम बम बोले भी भारत के सबसे ज्यादा देखे गए वीडियो में शामिल हैं।

वैश्विक स्तर पर भी खास उपलब्धि

ग्लोबल स्तर पर सबसे ज्यादा देखा जाने वाला वीडियो बेबी शार्क डांस’ है, जिसे अब तक 16.38 बिलियन व्यूज मिल चुके हैं। इसके बाद डेस्पासिटो, व्हील्स ऑन द बस, बाथ सॉन्ग और जॉनी जॉनी यस पापा जैसे वीडियो शामिल हैं। अब ‘हनुमान चालीसा’ भी इस विशिष्ट वैश्विक सूची में शामिल हो गई है, जिसने 5 अरब व्यूज पार कर भारत को दुनिया के डिजिटल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है।

Related Articles

Back to top button