
दिल दहला देने वाला अपराध
हैदराबाद। पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास की नींव पर टिका होता है, लेकिन जब इस रिश्ते में शक घर कर जाए, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकते हैं। ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने पत्नी पर शक के चलते उसे पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इस दौरान मां को बचाने आई बेटी को भी आरोपी ने आग में धकेल दिया।
जानकारी के अनुसार, नलगोंडा जिले के हुजूराबाद निवासी वेंकटेश और त्रिवेनी ने प्रेम विवाह किया था। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। विवाह के बाद भी वेंकटेश को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक रहता था, जिस कारण वह उसे लगातार प्रताड़ित करता था। आए दिन होने वाले झगड़ों से तंग आकर त्रिवेनी अपने मायके चली गई थी।
कुछ समय बाद वेंकटेश ने खुद में सुधार का भरोसा दिलाकर पत्नी को वापस बुलाया और हैदराबाद के नल्लाकुंटा इलाके में रहने लगा। लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसने फिर से शक करना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि गुस्से में आकर वेंकटेश ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जब उनकी बेटी मां को बचाने के लिए आगे आई, तो आरोपी ने उसे भी आग की ओर धकेल दिया और मौके से फरार हो गया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर महिला व बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने त्रिवेनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटी को मामूली चोटें आई हैं।
यह दर्दनाक घटना 24 दिसंबर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वेंकटेश को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।





