BILASPUR: इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती! ब्लॉक किया तो…प्रेमिका ने प्रेमी के सीने में चाकू घोंपकर की हत्या

ब्लॉक करने से नाराज युवती चाकू लेकर पहुंची थी मिलने, सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक सनसनीखेज प्रेम अपराध का मामला सामने आया है, जहाँ इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती खौफनाक हत्या में बदल गई। गर्लफ्रेंड ने अपने बॉयफ्रेंड के सीने पर चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुआ प्रेम संबंध इस कदर हिंसक हो जाएगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। गर्लफ्रेंड ने अपने प्रेमी के सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी।
मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25) के रूप में हुई है, जो मूलतः रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा का निवासी था। वह सिविल लाइन क्षेत्र के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था और उसलापुर स्थित एक हरी-चटनी होटल में काम करता था।
कुछ समय पहले कामता की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए रोशनी सूर्यवंशी (22) से हुई थी, जो सीपत क्षेत्र के ग्राम झलमला की निवासी है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गया।
ब्लॉक किया तो भड़की प्रेमिका
पुलिस के अनुसार, दो-तीन दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद युवक ने युवती को मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज युवती मंगलवार की सुबह चाकू लेकर उससे मिलने पहुंच गई।
युवती ने युवक के घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही उसने युवक से मोबाइल दिखाने को कहा, इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
सीने पर किया जानलेवा वार
विवाद के दौरान युवती ने अपने हाथ में रखे चाकू से सीधे युवक के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का मानना है कि युवती को शक था कि युवक किसी अन्य लड़की से दोस्ती कर रहा है और इसी शक व गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
आरोपी युवती गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक सवाल जो डराता है
क्या सोशल मीडिया पर हुआ प्यार अब जानलेवा होते रिश्तों में बदल रहा है?





