JANJGIR CHAMPA NEWS: मेला देखने गए युवक की चाकू मारकर हत्या, एक नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा / जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में मेला देखने आए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। 11 फरवरी 2026 को अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडेय (IPS) ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मनीष चौहान की बहन से मोबाइल पर बातचीत को लेकर आपसी रंजिश थी। मनीष चौहान को मृतक से नाराजगी थी, जिसके चलते उसने अपने साथियों राजवीर आदिले और साहिल सूर्यवंशी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले धारदार हथियार से हमला किया और फिर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को तालाब में फेंक दिया।
पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत विधिवत कार्रवाई की है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों और स्टाफ के सराहनीय योगदान से इस जघन्य हत्याकांड का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।





