छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA: बेटे की मौत से आहत दंपति ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद

जांजगीर-चांपा/ जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां ग्राम धरदाई के निवासी कृष्ण कुमार पटेल एवं उनकी पत्नी रमाबाई पटेल ने अपने ही घर की बाड़ी में नीम पेड़ की डाली से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल बन गया।

सुबह मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस

सुबह स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मार्ग जांच के तहत दोनों मृतकों का पंचनामा किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

 

सुसाइड नोट में छलका दर्द 

पंचनामा कार्रवाई के दौरान कृष्ण कुमार पटेल के पॉकेट से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में लिखा गया है कि दंपति अपने पुत्र आदित्य की मृत्यु से अत्यंत दुखी थे और उसी गहरे सदमे में यह आत्मघाती कदम उठाया। सुसाइड नोट में उन्होंने स्पष्ट रूप से अपने बेटे के निधन के बाद जीवन में निराशा और मानसिक पीड़ा का जिक्र किया है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक शोक को आत्महत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटना से गांव में मातम

इस घटना के बाद पूरे ग्राम धरदाई में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि दंपति अपने बेटे की मृत्यु के बाद से बेहद परेशान और गुमसुम रहते थे।

(नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत परिजनों से बात करें और विशेषज्ञ सहायता लें। जीवन अनमोल है।)

Related Articles

Back to top button