छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA NEWS: अंतरराज्यीय लूट गिरोह का भंडाफोड़, बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार

7 वारदातों में 9.83 लाख की लूट का खुलासा

जांजगीर-चांपा / जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय लूट एवं उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बैंक से पैसा निकालकर निकलने वाले बुजुर्गों और महिलाओं को निशाना बनाता था। पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई।

बिहार के कटिहार से जुड़े आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक यादव (36) और अविनाश उर्फ सनी कुमार यादव (28) के रूप में हुई है। दोनों बिहार राज्य के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

2.5 लाख की दिनदहाड़े लूट से खुला राज

13 फरवरी 2026 को थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम धरदेई में एक प्रार्थी ने पामगढ़ स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 2.5 लाख रुपये निकाले थे। घर लौटते समय आरोपियों ने मोटरसाइकिल से पीछा कर मौका पाकर रकम लूट ली। इस संबंध में अपराध क्रमांक 61/2026 धारा 309(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध वाहन का पीछा करते हुए पुलिस बिलासपुर तक पहुंची। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के एक लॉज में ठहरे आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

गिरोह का तरीका: रेकी, पीछा और केंवाच पाउडर

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बैंक के अंदर जाकर अधिक रकम निकालने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करते थे। बाहर निकलते ही उनका पीछा कर सुनसान जगह पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। प्रार्थी को भ्रमित करने के लिए केंवाच (खुजली) पाउडर का भी इस्तेमाल किया जाता था।

इन जिलों में भी कबूली वारदातें

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों—रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, सारंगढ़ और जांजगीर-चांपा—में कुल 7 मामलों में लगभग 9,83,000 रुपये की लूट की है। आरोपियों ने दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारदात करना स्वीकार किया है।

जब्त सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल (फर्जी नंबर प्लेट सहित), चार फर्जी आधार कार्ड, तीन कीपैड मोबाइल, केंवाच पाउडर और 10,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। दोनों वाहनों को बिहार से चोरी कर छत्तीसगढ़ में उपयोग किया जा रहा था।

आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस की आम जनता से अपील

  • बैंक से बड़ी रकम निकालने की जानकारी अनजान लोगों को न दें।
  • संभव हो तो ऑनलाइन ट्रांजैक्शन (RTGS/IMPS/UPI) का उपयोग करें।
  • बड़ी राशि निकालते समय विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें।
  • बैंक के बाहर संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क रहें।
  • किसी के पीछा करने की आशंका हो तो तुरंत नजदीकी थाना या भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाएं।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button