जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: होली से पहले 4.774 किलो गांजा के साथ जिला बदर आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिलेभर में गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बम्हनीडीह क्षेत्र में पुलिस ने एक आदतन बदमाश को अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।

जिला बदर आरोपी के कब्जे से 4.774 किलो गांजा बरामद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रजत उर्फ गोलू दीवान (31 वर्ष), पिता हरिहर दीवान, निवासी बम्हनीडीह थाना क्षेत्र, पहले से आदतन गुंडा बदमाश है और उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही भी की जा चुकी है।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बम्हनीडीह-बिर्रा मेन रोड चारपारा मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4.774 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,40,000 बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और दिनांक 21.02.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
होली को लेकर सख्त निगरानी
पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय (IPS) के निर्देशन में जिले में होली पर्व के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा के नेतृत्व में थाना बम्हनीडीह एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस की चेतावनी
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गुंडा-बदमाश एवं असामाजिक तत्व गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





