Chhattisgarh Crime News: पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश! हादसे की आड़ में पति की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के खरोरा में सनसनी: सड़क हादसे की आड़ में हत्या
रायपुर / छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की मौत को पहले सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
शव मिलने से मचा हड़कंप
शनिवार को थाना खरोरा में भागवत सारथी ने सूचना दी कि उनके छोटे भाई किशोर का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।
परिजनों ने मौके पर ही हत्या की आशंका जताई। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात ने पुलिस को भी संदेह में डाल दिया।
पुलिस जांच में खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बड़ा खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी रोशनी का लिलेश उर्फ मुरू नामक युवक से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते की जानकारी किशोर को हो गई थी, जिसके बाद दंपति के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
ऐसे रची गई हत्या की साजिश
पुलिस जांच के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे पत्नी ने किशोर को बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया भेजा। उसी दौरान खरोरा-रायपुर मार्ग पर पहले से घात लगाए आरोपियों ने थार वाहन से उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी।
गंभीर चोट लगने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की, ताकि मामला दुर्घटना में बदल जाए।
‘हादसा’ नहीं, था सुनियोजित मर्डर
एफएसएल जांच, वाहन की क्षति, कॉल डिटेल्स और आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने साफ कर दिया कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि योजनाबद्ध हत्या थी। इसके बाद पुलिस ने धारा 61(2) भी जोड़ दी।
चार आरोपी गिरफ्तार, थार वाहन जब्त
इस मामले में मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ में बढ़ते वैवाहिक विवाद से अपराध
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि वैवाहिक विवाद और अवैध संबंध किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। राजधानी क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।





