PM Kisan Yojana Update: एग्रीस्टैक पंजीयन नहीं कराया तो रुक सकती है किस्त, सक्ती जिले के 21 हजार किसान हो सकते हैं लाभ से वंचित

सक्ती, 05 मार्च 2026। जिले के करीब 21 हजार किसान अब तक एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन नहीं करा सके हैं, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के तहत मिलने वाली सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से वंचित होना पड़ सकता है।
कृषि विभाग के अनुसार जिले में 80 हजार से अधिक सक्रिय किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 60 हजार से ज्यादा किसान एग्रीस्टैक पोर्टल में अपना पंजीयन कर चुके हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान अभी भी इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से बाहर हैं।
क्या है एग्रीस्टैक और क्यों जरूरी है पंजीयन
एग्रीस्टैक (AgriStack) केंद्र सरकार की एक डिजिटल व्यवस्था है, जिसके माध्यम से हर किसान की डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जाती है। इसमें किसान की जमीन, फसल, बैंक खाता और आधार से जुड़ी जानकारी एक साथ दर्ज रहती है।
इस प्रणाली से सरकार को योजनाओं का लाभ सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजने में आसानी होती है और फर्जी या डुप्लीकेट लाभार्थियों की पहचान भी की जा सकती है।
पीएम किसान योजना के लिए अनिवार्य हुआ एग्रीस्टैक
कृषि विभाग के अनुसार अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित कई कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
कहां कराएं पंजीयन
एग्रीस्टैक और PM किसान योजना में पंजीयन से जुड़ी जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, विकासखंड कार्यालय, नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) से संपर्क कर सकते हैं।





