अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त महिलाओं के खातों में अंतरित की, मेगा हेल्थ कैम्प एवं नारी शक्ति का सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 2 लाख 81 हजार 259 महिला हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित की। विकासखंड नवागढ़ के ग्राम तेंदुभाठा की सरस्वती केंवट से मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संवाद किया। कार्यक्रम में मेगा हेल्थ कैम्प एवं नारी शक्ति सम्मान भी आयोजित हुआ।

जांजगीर-चांपा, 8 मार्च 2026: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जांजगीर-चांपा ऑडिटोरियम में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य एवं जिले की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने विकासखंड नवागढ़ के ग्राम तेंदुभाठा की सरस्वती केंवट से वर्चुअल संवाद करते हुए महिलाओं को उत्साहित किया। महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त के तहत जिले की 2,81,259 महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगरपालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि मातृशक्ति समाज का मूल स्तंभ है और महिलाएं राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना, बीसी सखी योजना, सक्षम योजना और छत्तीसगढ़ महिला कोष जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने भी सभी महिलाओं से अपील की कि वे स्वच्छता और जल संचय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
कार्यक्रम में मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन कर उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही सक्षम योजना और छत्तीसगढ़ महिला कोष अंतर्गत ऋण और प्रशस्ति पत्र देकर महिलाओं को सम्मानित किया गया।





