Crime News: मां ने संबंध बनाने से किया मना, तो 7 साल के बेटे को मार डाला… हाथ-पैर काटकर जमीन में दफनाया

- Muzaffarpur murder case,
- Bihar child murder,
- 7 year old boy murder Muzaffarpur,
- Karja police station murder case,
- Bihar crime news,
- Muzaffarpur latest news,
- Bihar shocking crime,
- child kidnapping murder case
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में 7 साल के मासूम ऋषिकेश की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करजा थाना क्षेत्र से 27 फरवरी से लापता बच्चे की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके पड़ोसी सिकंदर चौधरी (45) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है कि उसने बच्चे की मां से बदला लेने के लिए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सिकंदर चौधरी लंबे समय से बच्चे की मां को पसंद करता था और कई बार उससे प्रेम प्रस्ताव और शारीरिक संबंध बनाने की बात कही थी। महिला द्वारा बार-बार मना करने और पति को बताने की धमकी देने से आरोपी नाराज हो गया और बदला लेने के लिए महिला के बेटे को निशाना बना लिया।
मिठाई का लालच देकर ले गया खेत
27 फरवरी की दोपहर मासूम ऋषिकेश अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी उसे मिठाई का लालच देकर गांव से दूर एक खेत में ले गया और वहां उसकी हत्या कर दी।
उंगलियां काटकर दी दर्दनाक मौत
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बच्चे को सिर्फ मारना नहीं चाहता था, बल्कि उसे यातना भी देना चाहता था। उसने धारदार हथियार से पहले बच्चे के हाथ और फिर पैरों की उंगलियां काट दीं ताकि ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो जाए। इसके बाद आरोपी ने शव को करीब दो फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया।
कुत्तों ने खोला दफन राज
घटना के करीब 10 दिन बाद 8 मार्च की सुबह गांव में आवारा कुत्तों को खेत में गड्ढा खोदते देखा गया। वहां से तेज बदबू आने पर ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो जमीन में दबा बच्चे का शव मिला। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान ऋषिकेश के रूप में की।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद से मृतक के पिता अशोक सिंह और मां सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
स्पीडी ट्रायल की तैयारी
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि परिवार के शक के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस अब मामले में स्पीडी ट्रायल की तैयारी कर रही है।





