जांजगीर में 9.54 लाख की चोरी का खुलासा, 300 CCTV से बिलासपुर के 3 चोर गिरफ्तार
चोरी के जेवर बेचने वाले दो बिचौलिए भी गिरफ्तार, एक नाबालिग शामिल, दो आरोपी अभी फरार

जांजगीर-चांपा / जिले में सूने मकान में हुई बड़ी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सायबर थाना और जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग भी शामिल पाया गया है और दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 9 लाख 54 हजार रुपये बताई जा रही है। जप्त सामान में 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी और 3600 रुपये नगद शामिल हैं।
ऐसे दिया चोरी की वारदात को अंजाम
मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र में नहर किनारे और सुनसान मकानों की रेकी करता था। 26 फरवरी 2026 की रात आरोपी बिलासपुर से स्कूटी में जांजगीर पहुंचे और नहर किनारे एक सूना मकान देखकर चोरी की योजना बनाई।
आरोपियों ने पास के निर्माणाधीन मकान से लोहे की रॉड उठाई और दीवार फांदकर घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने दरवाजे का ताला और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी पार कर दी। चोरी के बाद आरोपी सुनसान मैदान में पहुंचे और नगदी आपस में बांट ली, जबकि जेवर मुख्य आरोपी अपने पास रखकर बिलासपुर लौट गया।
ऐसे बेचे चोरी के जेवर
चोरी के चांदी के जेवर बेचने के लिए आरोपियों ने जीत कुमार सूर्यवंशी की मदद ली। उसने उन्हें गीता प्रसाद साहू से मिलवाया। गीता प्रसाद ने चोरी के आभूषण सूरज सोनी को बेच दिए और करीब 80 हजार रुपये प्राप्त किए।
मिली रकम में से 12-12 हजार रुपये जीत कुमार और गीता प्रसाद ने आपस में बांट लिए, जबकि बाकी रकम मुख्य आरोपी को दे दी गई।
गिरफ्तार आरोपी
- जीत कुमार सूर्यवंशी (22) – तोरवा, बिलासपुर
- गीता प्रसाद साहू (37) – देवरीखुर्द, बिलासपुर
- सूरज सोनी (34) – गुड़ीपारा, खरौद
प्रकरण में एक नाबालिग भी शामिल पाया गया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और सीएसपी योगिताबाली खपर्डे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा जेपी गुप्ता और सायबर थाना प्रभारी सागर पाठक सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।





