छत्तीसगढ़ के समीर शुक्ला ने इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, हल्क फिटनेस क्लब का फिर चमका नाम
मड़वा प्लांट में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, बॉडीबिल्डिंग में भी कांस्य पदक हासिल

जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। जांजगीर-चांपा स्थित हल्क फिटनेस क्लब के सदस्य समीर शुक्ला ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी द्वारा मड़वा प्लांट में आयोजित की गई थी, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समीर शुक्ला ने पावरलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही बॉडीबिल्डिंग में कांस्य पदक भी अपने नाम किया। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते अब उनका चयन आगामी अंतर्राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए भी हो गया है।
इसके अलावा, क्लब के अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रदेश का नाम रोशन किया। हाल ही में श्रीलंका में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ टीम ने कुल 5 मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के लिए शानू रॉय और सूर्यभान कुमार को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी द्वारा सम्मानित किया गया।
हल्क फिटनेस क्लब के कोच कैलाश वर्मा और किशन वर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। क्लब के सदस्य पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस मॉडलिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले और प्रदेश को नई पहचान दिला रहे हैं।
क्लब प्रबंधन का कहना है कि उनका लक्ष्य आने वाले समय में और अधिक युवाओं को फिटनेस और खेलों से जोड़ना है, ताकि जिले से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें।
अंत में क्लब ने लोगों से अपील की है कि वे अपने दैनिक जीवन में कुछ समय व्यायाम के लिए जरूर निकालें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।



