नाबालिग से दुष्कर्म, शादी और मारपीट का मामला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
तीन साल तक बहला-फुसलाकर शोषण, विरोध करने पर की मारपीट—POCSO एक्ट में कार्रवाई

जांजगीर-चांपा | जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, जबरन शादी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि अमरताल निवासी प्रमोद निराला (21) पिछले तीन वर्षों से जान-पहचान का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस दौरान नाबालिग होने के बावजूद उससे शादी कर ली गई और लगातार उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा।
शराब के नशे में की बेरहमी से मारपीट
पीड़िता के अनुसार, 31 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी ने शराब के नशे में डंडे से मारपीट की, जिससे उसके हाथ, कोहनी और घुटने में गंभीर चोटें आईं। इससे पहले भी आरोपी द्वारा कई बार प्रताड़ित किया जा चुका था।
चाइल्ड हेल्पलाइन से खुला मामला
पीड़िता ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। अकलतरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं और POCSO एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।





