
प्रशासन का बड़ा एक्शन
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। टॉस्क फोर्स की कार्रवाई में चालू वित्तीय वर्ष में 99 वाहन जब्त किए गए हैं और 27.65 लाख रुपए की वसूली की गई है।
रायपुर, 07 अप्रैल 2026। कांकेर जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई जारी है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर के निर्देश पर टॉस्क फोर्स द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में 99 मामलों में 99 वाहनों को जब्त करते हुए 27 लाख 65 हजार रुपए की वसूली की गई है।
खनिज अधिकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में 15 रेत खदानें संचालित हैं। ये खदानें चारामा विकासखंड के ग्राम माहुद, भर्रीटोला, भिलाई, भिरौद, करिहा, हाराडुला, बासनवाही, अरौद, किलेपार तथा दुर्गकोंदल विकासखंड के भंडारडिगी, गुदुम और परभरेली में संचालित हो रही हैं। इनका संचालन ग्राम पंचायतों और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अलावा 16 अस्थायी रेत भंडारण लाइसेंस भी जारी किए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेत खनन एवं परिवहन से 76 लाख 62 हजार 572 रुपए की रॉयल्टी और 1 करोड़ 56 लाख 89 हजार 208 रुपए प्रीमियम के रूप में प्राप्त हुए हैं। वहीं, वर्ष 2019-20 और 2020-21 की 1 करोड़ 36 लाख रुपए की रॉयल्टी राशि ग्राम पंचायतों को वितरण के लिए जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने अवैध भंडारण के 13 मामलों में 9 लाख 81 हजार रुपए की वसूली की है। साथ ही अवैध खनन के 5 मामलों में 5 मशीन और 4 वाहन जब्त कर 7 लाख 45 हजार रुपए की वसूली की गई है। हाल ही में मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 7 वाहन और 5 मशीनें भी जब्त की गई हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेत खदानों का संचालन नियमों के तहत सुनिश्चित किया जा रहा है और अवैध उत्खनन, परिवहन व भंडारण पर सख्त निगरानी के साथ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





