छत्तीसगढ़

Chhattisgarh: नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

खाद्य एवं औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय सप्लाई चेन की जांच जारी

रायपुर, 14 अप्रैल 2026। नकली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो नकली दवाओं की सप्लाई चेन से जुड़े हुए थे।

जानकारी के अनुसार, कुछ माह पहले नागपुर के गोल्डन ट्रांसपोर्ट, गोगाँव से नकली दवाओं की बड़ी खेप जब्त की गई थी। इस मामले की जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए, जिसमें संगठित नेटवर्क के रूप में काम कर रहे आरोपियों की पहचान हुई।

गिरफ्तार आरोपियों में रोचक अग्रवाल (बिजरासन मेडिकोज, इंदौर), सुरेंद्र कामनानी (प्रेम प्रकाश एजेंसी, भाटापारा) और खेमराज बानी (सरस्वती मेडिकल स्टोर, सारंगढ़) शामिल हैं। इन्हें सोमवार को रायपुर में गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में पहले ही दिसंबर माह में सारंगढ़ स्थित सरस्वती मेडिकल स्टोर पर विभाग ने छापेमारी कर संदिग्ध दवाओं को जब्त किया था। जांच के दौरान नकली दवाओं के भंडारण और वितरण से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिन्हें केस में शामिल किया गया है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने अंतरराज्यीय स्तर पर भी जांच शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और विभाग द्वारा अन्य संदिग्ध संस्थानों व व्यक्तियों के खिलाफ भी जांच तेज कर दी गई है।

आमजन के लिए जरूरी अपील

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दवाओं की खरीद केवल अधिकृत मेडिकल स्टोर्स से ही करें। किसी भी संदिग्ध दवा या गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button