छत्तीसगढ़

3 मई को NEET (UG) 2026 परीक्षा, समय-सारणी व निर्देश जारी

NEET (UG) 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित होगी। NTA ने समय-सारणी, रिपोर्टिंग टाइम और परीक्षा केंद्र पर प्रतिबंधों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जांजगीर-चांपा, 28 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG) 2026 का आयोजन 3 मई 2026, रविवार को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा के सुचारु संचालन और अनुशासन बनाए रखने के लिए परीक्षार्थियों हेतु विस्तृत समय-सारणी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

रिपोर्टिंग और प्रवेश समय तय

जारी सूचना के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रातः 11:00 बजे से रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। वहीं परीक्षा केंद्र में अंतिम प्रवेश का समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

परीक्षार्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करना होगा। परीक्षा केंद्र पर निम्न दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे—

  • दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो
  • एक पोस्टकार्ड साइज फोटो (4×6 इंच)
  • वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस/वोटर आईडी)

परीक्षा केंद्र पर प्रतिबंधित वस्तुएं

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेनड्राइव, हैंडबैग, पर्स, खाद्य सामग्री, बेल्ट, आभूषण सहित किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक या धातु की वस्तु ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि तलाशी के दौरान कोई प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो अभ्यर्थी का परीक्षा परिणाम निरस्त किया जा सकता है।

समय से पहले पहुंचने की सलाह

अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें ताकि सत्यापन एवं प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। देरी की स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी।

Related Articles

Back to top button