
सक्ती, छत्तीसगढ़ | जिले के लवसरा गांव में बुधवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जहां तालाब में डूबने से 6 वर्षीय जुड़वा बहनों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्चियों की पहचान दीप्ति गोंड और दिव्या गोंड के रूप में हुई है। दोनों बहनें सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे पास के तालाब तक पहुंच गईं। इसी दौरान असावधानी के चलते दोनों बच्चियां गहरे पानी में गिर गईं और बाहर नहीं निकल पाईं।
कुछ समय बाद गांव के लोगों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद तुरंत उन्हें बाहर निकाला गया। परिजन और ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





