Chhattisgarh: केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान 13 और 14 मई को छत्तीसगढ़ दौरे पर, योजनाओं की करेंगे समीक्षा
पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों और हितग्राहियों से करेंगे सीधा संवाद

रायपुर | 12 मई 2026: भारत सरकार में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान 13 एवं 14 मई 2026 को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों से संवाद करेंगे।
सरकारी जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री 13 मई को राज्य स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति और जमीनी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इन योजनाओं की होगी समीक्षा
बैठक में निम्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी—
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)
- महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा)
- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण
- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM)
- दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY)
- राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP)
इसके अलावा ग्राम पंचायतों में संचालित ग्रामीण विकास गतिविधियों और विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की भी जानकारी ली जाएगी।
पंचायत प्रतिनिधियों और महिलाओं से करेंगे संवाद
प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यहां ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और योजनाओं के प्रभाव पर चर्चा होगी।
14 मई को श्री पासवान ग्रामीण विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और नवाचारों का अवलोकन करेंगे। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जानेंगे।
ग्रामीण विकास योजनाओं पर रहेगा फोकस
केंद्रीय मंत्री का यह दौरा ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने और योजनाओं को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का फोकस ग्रामीण सड़कों, रोजगार, आवास और महिला स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने पर है।





