छत्तीसगढ़

भिलाईखुर्द क्रशर प्लांट हादसा: मजदूर की मौत के बाद प्रशासन सख्त, मशीन सील

बलरामपुर, 19 मई 2026। जिले के तहसील राजपुर अंतर्गत ग्राम भिलाईखुर्द स्थित एक क्रशर प्लांट में कार्यरत मजदूर की दुर्घटना में मौत के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना के बाद प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की और संबंधित क्रशर मशीन को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया गया।

जांच दल में खनिज विभाग, राजस्व विभाग, श्रम विभाग और इंडस्ट्रीज एंड हेल्थ सेफ्टी विभाग के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और श्रम कानूनों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि खनिज विभाग के अमले एवं नायब तहसीलदार द्वारा क्रशर मशीन को सील किया गया है। वहीं जिला श्रम अधिकारी और सहायक संचालक इंडस्ट्रीज एंड हेल्थ सेफ्टी द्वारा श्रम एवं औद्योगिक सुरक्षा नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित क्रशर संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कहा कि जिले में संचालित सभी औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही सभी उद्योग संचालकों को निर्धारित सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button