शराब भट्टी में विवाद के बाद चाकूबाजी, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 27 मई 2026। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र स्थित शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजीत सिंह निवासी सुपेला, भिलाई (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धीरज खाण्डेकर निवासी ग्राम करूमहू थाना मुलमुला अपने दोस्त हेतराम केवट के साथ 26 मई 2026 को अकलतरा आए हुए थे। दोनों अपना काम पूरा करने के बाद अकलतरा स्थित शराब भट्टी में शराब पीने पहुंचे थे। इसी दौरान शराब भट्टी के चखना दुकान संचालक मंजीत सिंह से सिगरेट और चखना लेने के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी मंजीत सिंह ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने धारदार चाकू से धीरज खाण्डेकर और हेतराम केवट पर हमला कर दिया। घटना में धीरज खाण्डेकर के बाएं हाथ की भुजा के पास चोट आई, जबकि हेतराम केवट के दाहिने हाथ की मुट्ठी में चोट लगी।
मामले की शिकायत पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 293/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





