जांजगीर-चांपा में कोयला हेराफेरी का बड़ा खुलासा: 3 ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, 3 ट्रेलर समेत 115 टन कोयला जब्त

जांजगीर-चांपा / जिले में कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने के मामले में चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला और तीन ट्रेलर जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। मामला थाना चांपा क्षेत्र का है, जहां प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (PIL) चांपा के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट की शिकायत सामने आई थी।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षाधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भास्करपारा कोल माइंस सूरजपुर से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला भेजा गया था।
आरोपी ड्राइवर अजमत अंसारी, रामचन्द्र और शेख सरफरोज 25 मई को कोयला लेकर रवाना हुए थे और 27 मई को पीआईएल चांपा पहुंचे। जब आरएमएच विभाग में कोयला खाली किया गया तो उसकी गुणवत्ता खराब पाई गई। जांच में कोयले में मिलावट की पुष्टि हुई।
पूछताछ में सामने आया पूरा खेल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में ट्रकों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतारकर उसकी जगह घटिया स्तर का कोयला भर दिया गया था। इसके बाद वही कोयला प्लांट में पहुंचाया गया।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) और 3(5) के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
115 टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही पर गणेश कोल डिपो अमझर से बदला गया कोयला बरामद किया। मौके से करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला और तीन ट्रेलर जब्त किए गए। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- शेख सरफरोज, उम्र 35 वर्ष, निवासी गढ़वा, झारखंड
- अजमत अंसारी, उम्र 32 वर्ष, निवासी गढ़वा, झारखंड
- रामचन्द्र, उम्र 30 वर्ष, निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश





