छत्तीसगढ़

बिर्रा में पुलिस का जागरूकता अभियान: नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने और साइबर ठगी से बचने की दी गई सीख

जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बिर्रा थाना पुलिस ने सरस्वती शिशु मंदिर, बिर्रा में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

IMG 20260708 WA0363 Console Crptech

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को नाबालिग अवस्था में मोटरसाइकिल या अन्य मोटर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है और इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। विद्यार्थियों से स्वयं वाहन नहीं चलाने और अपने परिजनों को भी इस संबंध में जागरूक करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। छात्रों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता, यातायात संकेतों का पालन, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही पुलिस ने साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जागरूकता दी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते और एटीएम संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button