छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 360 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट खाद जब्त, गोदाम सीलबंद

जांजगीर-चांपा, 3 जून 2026। खरीफ सीजन से पहले किसानों को खाद की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने और उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। जिले के अकलतरा विकासखंड में एक कृषि केंद्र से 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फॉस्फेट (SSP) उर्वरक जब्त कर गोदाम को सीलबंद कर दिया गया है।

IMG 20260603 WA0437 Console Crptech

कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उप संचालक कृषि राकेश शर्मा को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर शिकायत की जांच के लिए उर्वरक निरीक्षक दल को मेसर्स ज्ञानेश्वर कृषि केन्द्र, ग्राम सोनडीह, विकासखंड अकलतरा में औचक निरीक्षण के लिए भेजा गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित कृषि केंद्र द्वारा रजिस्टर में प्रविष्टि किए बिना, पॉस मशीन का उपयोग किए बिना तथा बिना बिल के खाद का विक्रय किया जा रहा था। यह उर्वरक वितरण नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया।

अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक निरीक्षक दल के सदस्यों ए.के. जाटव (प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी), पी.आर. काटले (उर्वरक निरीक्षक) तथा विकास मिश्रा (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फॉस्फेट उर्वरक जब्त कर लिया। इसके साथ ही कृषि केंद्र के गोदाम को सीलबंद कर दिया गया।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रमुख बिंदु

  • अकलतरा के ग्राम सोनडीह में कृषि विभाग की छापेमार कार्रवाई
  • 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फॉस्फेट खाद जब्त
  • बिना बिल, रजिस्टर और पॉस मशीन के खाद बिक्री का मामला
  • कृषि केंद्र का गोदाम सीलबंद
  • खरीफ सीजन से पहले कालाबाजारी रोकने विभाग की सख्ती

Related Articles

Back to top button